संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। कंपोजिट विद्यालय पचौरा की शिक्षिकाओं ने पूर्व प्रधानाध्यापक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं से अभद्रता करने वाले प्रधानाध्यापक की कन्या विद्यालय में बहाली करने पर शिक्षिकाओं ने रोष जताया। शिक्षिकाओं ने एडी बेसिक से शिकायत करते हुए पूर्व प्रधानाध्यापक पर लगे आरोपों की पुन: जांच कराने की मांग की है।
बंगरा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय पचौरा के पूर्व इंचार्ज प्रधानाध्यापक घनश्याम दास अहिरवार को विद्यालय से दस्तावेजों को गायब करने, वित्तीय गबन करने के आरोप में निलंबित किया गया था। मामले की जांच के बाद बीएसए ने आनन फानन शिक्षक को कन्या विद्यालय रानीपुर में सवेतन बहाल कर दिया। अब कंपोजिट विद्यालय पचौरा की शिक्षिकाओं ने एडी बेसिक से शिकायत की है। शिक्षिकाओं का कहना है कि शिक्षक ने विद्यालय में छात्राओं और महिला स्टाफ के साथ अभद्रता भी की थी। इसकी शिकायत भी की गई थी। लेकिन इसे आरोप पत्र में शामिल ही नहीं किया गया है। शिक्षक विद्यालय में हाफ पैंट और बनियान पहनकर घूमता था। इसके साक्ष्य भी बीएसए को दिए गए थे।
शिक्षिकाओं ने कहा कि जांच अधिकारी ने भी गंभीरता से जांच नहीं की। जांच अधिकारी न तो विद्यालय आए और न ही शिक्षिकाओं व अन्य स्टाफ से बात की। शिकायत करने वालों में प्रधानाध्यापिका आसमा बानो, सहायक अध्यापक ममता देवी, प्रीति देवी, रश्मि राजपूत, पवन देव त्रिपाठी, अरविंद राजपूत, सुल्तान यादव शामिल हैं। एडी बेसिक अरुण कुमार ने कहा कि मामले को लेकर बीएसए से बात करेंगे।