झांसी। विधान परिषद की इलाहाबाद - झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन के चुनाव का बिगुल बज गया है। इसमें दस जनपदों के शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वोटर बनाने का काम एक नवंबर से शुरू होगा। आयोग की ओर से कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
इलाहाबाद - झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 जनपद आते हैं। इनमें झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, बांदा, महोबा, चित्रकूट, इलाहाबाद, कौशांबी व फतेहपुर शामिल हैं। चुनाव में क्षेत्र के राजकीय, सहायता प्राप्त व निजी माध्यमिक विद्यालय, डिग्री कॉलेज, विश्वविद्यालय व पॉलिटेक्निक शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। एक अक्तूबर से सात नवंबर तक निर्धारित फार्म 18 व 19 भरवाकर मतदाता बनाए जाएंगे। 23 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद नौ दिसंबर तक मतदाता सूची पर दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। 25 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण कर 30 दिसंबर को फाइनल मतदाता सूची जारी की जाएगी। बता दें कि वर्तमान में सुरेश कुमार त्रिपाठी इस सीट से एमएलसी हैं।