झांसी। विकास भवन में रविवार को भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद की बैठक हुई। डीएम अविनाश कुमार ने भू-गर्भ जल दोहन को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने के निर्देश दिए। भू-गर्भ जल के लिए निजी क्षेत्रों में बोरिंग व ड्रिलिंग एजेंसी का पंजीकरण कराने, शहरी क्षेत्रों में मैरिज हॉलों एवं आरओ प्लांट, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थाएं जो भू-जल का दोहन कर प्रयोग कर रही हैं, उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। जेडीए को भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्राप्त कर ही नक्शा पास करने के लिए कहा। जिला कृषि अधिकारी को भी कृषि क्षेत्र में सिंचाई के लिए निजी नलकूपों का संचालन करने वालों और भूगर्भ जल का उपयोग करने के लिए पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। भू-जल स्तर को बनाए रखने के लिए वर्षा जल संचयन के उपाय करने, बड़े भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने आदि पर जोर दिया। इस दौरान सीडीओ जुनैद अहमद, एडीएम एके सिंह, भूगर्भ विभाग के सहायक भूभौतिकीविद मनीष कुमार कनौजिया, डीडीओ सुनील कुमार मौजूद रहे। ब्यूरो