अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। आवास विकास कॉलोनी निवासी रिंकी साहू ने सीपरी बाजार थाना में डेढ़ लाख रुपये हड़पने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रिंकी ने पुलिस को बताया कि उसके पति प्राइवेट काम करते हैं। उनका एक पुत्र मानसिक रूप से दिव्यांग है, जिसके इलाज के लिए उन्हें लगातार पैसों की आवश्यकता रहती है। पड़ोस में रहने वाले हर्ष अहिरवार को उसने करीब आठ माह पहले डेढ़ लाख रुपये उधार दिया था। हर्ष ने पत्नी की कराने के लिए यह पैसा मांगा था। आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए। कई बार मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। 18 मई को पैसा दोबारा मांगने पर गाली-गलौज करते हुए पैसा लौटाने से इनकार कर दिया। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक प्राथमिकी के आधार पर मामला जर्द करके जांच कराई जा रही है।