मऊरानीपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कार्यवाहक एडी हेल्थ डॉ. आर.के. सोनी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाएं परखीं और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडी हेल्थ ने घोषणा की कि मऊरानीपुर सीएचसी में जल्द ही हर्निया समेत प्रमुख बीमारियों का उपचार व सर्जरी स्थानीय स्तर पर शुरू होगी। इसका उद्देश्य मरीजों को बड़े शहरों के चक्कर काटने से राहत दिलाना है। उन्हें स्थानीय स्तर पर सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने एक्सरे रूम का निरीक्षण कर एक महिला मरीज से बात की। पोस्टमार्टम हाउस का जायजा लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ आरजे सिंह समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।