अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार दिन में तीखी धूप खिली रही तो लोग पसीने से तरबतर रहे। शाम को बारिश के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
मौसम की तल्खी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सुबह से ही तीखी धूप से घर के अंदर और बाहर सभी जगह लोग बेचैन नजर आते हैं। रविवार को भी सुबह से धूप रही। शाम तकरीबन पांच बजे मौसम में बदलाव हुआ और कहीं-कहीं तेज और मध्यम बारिश होने लगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही स्थिति रही। झांसी का अधिकतम तापमान सामान्य से डेढ़ डिग्री अधिक 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री रहा।
कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डा. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि आगामी तीन-चार दिनों तक मौसम का यही रुख रहने के आसार हैं। तापमान में भी दो-तीन डिग्री तक की गिरावट की संभावना है।