संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। राज्य स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक हाॅकी प्रतियोगिता का फाइनल मैच झांसी छात्रावास व स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के बीच खेला गया। इसमें झांसी छात्रावास की टीम 5-1 के स्कोर से विजयी रही। विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया गया। पहले हाफ के 18वें मिनट में झांसी छात्रावास के रघुवेंद्र ने पहला गोल किया। इसके बाद अगले दस मिनट तक दोनों ही टीमें गोल करने के लिए संघर्ष करती रहीं और 28 वें मिनट में झांसी छात्रावास के करन धानुक के दूसरे गोल से झांसी की टीम ने 2-0 स्कोर से बढ़त बना ली। अगले हाफ में 33वें मिनट में झांसी छात्रावास की टीम के अखिलेश यादव ने गोल किया और 44वें मिनट में रघुवेंद्र के गोल से झांसी मजबूत स्थिति में पहुंच गई। वहीं, मैच के 59वें मिनट में सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज के शिवम ने गोल दाग कर मैच का स्कोर 4-1 कर दिया। मैच के अंतिम पलों में 60वें मिनट में झांसी छात्रावास के करन धानुक ने एक और गोल करते हुए 5-1 गोल से जीत हासिल कर ली। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे एवं विशिष्ट अतिथि सुबोध खांडेकर, संजीव सरावगी एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। झांसी छात्रावास के खिलाड़ी करन धानुक को नकद पुरस्कार दिया गया। अंतरराष्ट्रीय जूनियर हॉकी खिलाड़ी सौरभ आनंद व अली खान को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजेश सोनकर, सुनील कुमार, विकास वेंदया, सुनीता तिवारी, जावेद अल्ताफ, सुनीता राज आदि मौजूद रहे।ि