संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 15 से 22 जुलाई तक राष्ट्रीय बालक एवं बालिका सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होगा। नार्थ जोन के आठ राज्यों की टीमें इसमें प्रतिभाग करेंगी।
बालक और बालिका वर्ग में पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश की टीमें हिस्सा लेंगी। हालांकि, बालक वर्ग में चंडीगढ़ और बालिका वर्ग में दिल्ली टीम के शामिल होने की अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। चैंपियनशिप के बालक और बालिका वर्ग में दो पूल बनाए जाएंगे। जिला हॉकी संघ के सचिव सुबोध खांडेकर ने बताया कि चैंपियनशिप के लिए स्टेडियम प्रबंधन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने और खाने पीने का भी बेहतर इंतजाम है।