प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही और शिक्षकों की मनमानी के आरोप थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मऊरानीपुर विकासखंड के लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मड़वा स्थित प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में विद्यालय के निर्धारित समय के बावजूद मुख्य गेट पर ताला लगा दिखाई दे रहा है। इस दौरान छात्र-छात्राएं बाहर खड़े होकर स्कूल खुलने का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। वहीं, विद्यालय खुलने के बाद बच्चों से झाड़ू लगवाकर सफाई कराने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्राम मड़वा निवासी बीरेंद्र कुमार ने बताया कि उनका बच्चा इसी विद्यालय में पढ़ता है। उनके मुताबिक, विद्यालय खुलने का निर्धारित समय सुबह आठ बजे है, लेकिन बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे तक मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने पहुंचे तो काफी देर तक विद्यालय का दरवाजा नहीं खुला और बच्चे बाहर खड़े रहे। इस बारे में मौके पर मौजूद शिक्षक से पूछने पर बताया गया कि स्कूल की चाबी अंदर ही छूट गई थी, जिसके कारण ताला नहीं खुल सका।
बीरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि विद्यालय में पढ़ाई कराने के बजाय छोटे बच्चों से झाड़ू लगवाकर सफाई कराई जाती है। उन्होंने जब बच्चों के झाड़ू लगाने और विद्यालय की अव्यवस्थाओं का वीडियो अपने मोबाइल से बनाया तो इंचार्ज प्रधानाध्यापक नाराज हो गए। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने के साथ गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
मामले को लेकर बीरेंद्र कुमार ने थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर लापरवाही और कथित अभद्र व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गौड़ ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।