अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वीडीओ की परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों ने मंगलवार शाम वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पहुंचकर हंगामा किया। वापसी के लिए ट्रेन में जगह न मिलने से परेशान सैकड़ों छात्रों ने एसी कोच में कब्जा जमा लिया। एसी कोच में सवार यात्रियों से उनका विवाद भी हुआ। हंगामा बढ़ने पर आरपीएफ पहुंच गई लेकिन, छात्रों के भारी हुजूम के चलते उनकी भी नहीं चली। छात्रों की भारी भीड़ के चलते स्टेशन पर देर-रात तक अफरातफरी रही।
झांसी में करीब 50 हजार से अधिक प्रतियोगी छात्र परीक्षा में शामिल होने पहुंचे थे। वापसी के दौरान छात्रों को जो भी सवारी गाड़ी मिली उसमें उन लोगों ने कब्जा जमा लिया। स्लीपर कोच तो पूरी तरह छात्रों के हवाले रहे। इसमें तिल रखने की भी जगह नहीं रह गई। दोपहर झांसी स्टेशन पहुंची पनवेल-गोरखपुर सुपर फास्ट ट्रेन की हर बोगी में छात्रों का जत्था घुस गया। महाकौशल एक्सप्रेस, बांदा पैंसेजर, ग्वालियर-बरौनी मेल के एसी कोच में भी सैकड़ों छात्र घुस गए। महाकौशल में एसी कोच के यात्रियों ने छात्रों का विरोध किया लेकिन, छात्रों ने उनकी एक नहीं सुनी। आरपीएफ भी पहुंच गई। किसी तरह छात्रों को हटाकर गाड़ी को आगे रवाना किया गया। इसी तरह कानपुर, बांदा, आगरा, इटावा, हमीरपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी छात्र स्लीपर से लेकर एसी कोच के भीतर तक जमे रहे। आरपीएफ इंस्पेक्टर रविंद्र कौशिक का कहना है कि स्टेशन में हालात पूरी तरह से नियंत्रित रहे।