अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक छात्र ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। कीटनाशक का सेवन करने के बाद उसने पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राठ के थाना मझगुवां के ग्राम जराखर निवासी किसान रमेश कुमार राजपूत का बेटा राहुल कुमार (26) घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात तकरीबन दो बजे वह घर से निकल गया था। इसके बाद उसने पिता को फोन कर कीटनाशक का सेवन करने की जानकारी दी। इस पर परिजन खेत पर पहुंच गए। हालत बिगड़ने पर उसे राठ के अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद से परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है। उसके आत्मघाती कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।