अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार थाना इलाके में बुधवार रात बाइक सवार युवकों ने बरात में आईं दो कारों पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद कारों पर पथराव किया गया।
बुधवार रात को लहरगिर्द में एक युवती की शादी थी। रात को बरात के आने के बाद रस्में चल रहीं थी। इसी दरम्यान बाइकों पर सवार होकर कुछ युवक आए और उन्होंने विवाह स्थल के बाहर मैदान में खड़ीं दो कारों पर पथराव शुरू कर दिया। सूचना पर वर-वधू पक्ष के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक युवक वहां से भाग गए थे। घटना के बाद बराती दहशत में आ गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों के बारे में जानकारी इकट्ठा की। सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में निवाड़ी निवासी दुर्गेश अहिरवार ने धीरेंद्र जाटव, निखिल अहिरवार व विनय अहिरवार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दोनों पक्षों के बीच पार्टीबाजी के दौरान कहासुनी हुई थी। इसके बाद कार पर पथराव कर दिया गया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।