अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राइज इंक्यूबेशन सेंटर में टी टॉक विद सीईओ कार्यक्रम में नगर आयुक्त/ स्मार्ट सिटी के सीईओ सत्य प्रकाश ने कहा कि अपनी कंपनी को आगे बढ़ाने में स्टार्टअप्स फाउंडर डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया का भी सहारा लें। इसकी मदद से वह अपनी कंपनी या उत्पाद के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जानकारी पहुंचा सकते हैं। इंक्यूबेशन सेंटर में नए बैच की शुरुआत होने पर हुए कार्यक्रम में सीईओ सत्य प्रकाश ने कहा कि उत्पाद आधारित कंपनी और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े स्टार्टअप फाउंडर आपस में ही एक-दूसरे का सहयोग करें। कहा कि कंपनियां उत्पाद बना लेती हैं, मगर उनके सामने उत्पाद बेचना बड़ी चुनौती होती है। सीईओ ने हर स्टार्टअप फाउंडर की बात को सुनकर मार्गदर्शन दिया। राइज इंक्यूबेशन सेंटर के निदेशक अमित सिंह ने कहा कि जल्द ही सीईओ के मार्गदर्शन में शार्क टैंक का आयोजन होगा। इसमें सभी स्टार्टअप की पिचिंग की जाएगी। ताकि, इनको फंडिंग की व्यवस्था हो सके। इसमें उद्योग या व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी शामिल होंगे। प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित रजक ने कहा कि पिछले साल 12 मार्च को राइज इंक्यूबेशन सेंटर शुरू हुआ था। तब से अब तक 55 स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं। प्रियंका जैन, तिश्या अग्रवाल, शिवम, अंशिका आदि शामिल रहे।