अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह यादव ने बीते 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों की समस्याओं को लेकर मंडलीय उप शिक्षा निदेशक कार्यालय के सामने अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यह अनशन तब तक जारी रहेगा, जब तक अवकाश प्राप्त शिक्षकों को जीपीएफ, पेंशन, राशिकरण आदि का भुगतान नहीं कर दिया जाता। अनशन सभा को संबोधित करते हुए शिक्षक नेताओं ने जिला विद्यालय निरीक्षण और मंडलीय उप शिक्षा निदेशक की कार्य प्रणाली की निंदा की। कहा कि वर्तमान में अधिकारी जिस तरह काम कर रहे हैं। ऐसा कभी नहीं हुआ कि दो महीने बीत जाने के बाद भी एक भी प्रकरण निस्तारित नहीं किया गया। यह शिक्षाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न है। पिछले 20 सालों से इस प्रकार की समस्या कभी शिक्षाधिकारियों ने उत्पन्न नहीं की, जो वर्तमान में है। शिक्षक नेताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षाधिकारी का विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और अपने कार्यालय से नियंत्रण खत्म हो चुका है। मनमानी का दौर चल रहा है। शिक्षक परेशान हैं। इस दौरान मिलन गुप्ता, राजेंद्र पटसारिया, जगमोहन भोंडेले, जितेंद्र सैनी, शिशुपाल सिंह यादव, प्रवीण चंद तिवारी आदि मौजूद रहे।