अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बृहस्पतिवार को क्राइम मीटिंग के दौरान दरोगाओं को चेताते हुए आईजीआरएस की शिकायतें निस्तारित करने में लापरवाही करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा, आईजीआरएस, शिकायत प्रकोष्ठ से मिली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए। श्रावण एवं कांवड़ यात्रा को लेकर उन्होंने मातहतों से सतर्कता बरतने को कहा। थाना वार कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला संबंधी अपराध, पुरस्कार घोषित, टॉप-10 एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की समीक्षा करते हुए खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। लंबित एसआर केस के बारे में भी चर्चा की। पुराने मामलों के खुलासे न होने पर फटकार लगाते हुए थानेदारों को अल्टीमेटम दिया। विवेचनाएं भी पूरी करने को कहा। थानास्तर पर हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी के निर्देश दिए। त्यौहारों को देखते हुए होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, रेलवे स्टेशन आदि में सघन चेकिंग के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी आरए अरविंद कुमार समेत सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।