झांसी। महिला आरक्षी के ट्रांसफर के लिए खुद को रिटायर्ड आईपीएस अफसर बताते हुए एक व्यक्ति ने फोन पर एसएसपी को धमकाया। जबकि, इससे पहले उसने एसएसपी के पीआरओ से भी फोन पर अभद्रता की। पीआरओ की शिकायत पर नवाबाद थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
पिछले सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश एस अपर पुलिस महानिदेशक की बैठक में थे। उनका सीयूजी मोबाइल पीआरओ इंस्पेक्टर जेपी पाल के पास था। इसी दरम्यान दोपहर 2.35 बजे एसएसपी के सीयूजी नंबर पर कॉल आई। पीआरओ ने कॉल रिसीव की। कॉल करने वाले ने बताया कि वह रिटायर्ड आईपीएस अफसर है। पीआरओ ने बताया कि एसएसपी अभी मीटिंग मे हैं। इस पर उसने कहा कि वह व्हाट्सएप पर महिला आरक्षी का विवरण भेज रहा है। उसका ट्रांसफर करना है।
इसके आधे घंटे बाद फिर से कॉल आई, जिसे पीआरओ रिसीव नहीं कर पाए। इसके कुछ मिनट बाद उस व्यक्ति ने दुबारा फोन किया। फोन उठाते ही उस व्यक्ति ने पीआरओ से अभद्र भाषा में बात करते हुए एसएसपी से बात कराने को कहा। पीआरओ ने फोन एसएसपी को दे दिया। उस व्यक्ति ने एसएसपी को धमकाते हुए कहा कि प्रेमनगर थाने में तैनात महिला आरक्षी सोनी कटियार का तत्काल स्थानांतरण कर उसे अवगत कराएं।
इसके बाद एसएसपी ने महिला आरक्षी को बुलाकर जानकारी ली। आरक्षी ने बताया कि उसने अपने ट्रांसफर के संबंध में बहनोई दीपक पटेल से बात की थी। उन्होंने अपने मित्र गोपाल तिवारी से बात की थी। आरक्षी ने बताया कि गोपाल तिवारी ने उसे फोन कर उसका विवरण लिया था। आरक्षी ने बताया कि गलत नाम व पद बताकर धमकी देने का काम किया गया है। इस मामले में पीआरओ की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।