अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत बनकर तैयार हुए 138 करोड़ के प्रोजेक्ट मार्च में धरातल पर उतर जाएंगे। इसमें खेल, शैक्षिक, नवाचार से लेकर मूलभूत सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। ज्यादातर प्रोजेक्ट करीब दो साल पहले बनने शुरू हुए थे, जो कि बनकर तैयार हो चुके हैं। इसमें कलक्ट्रेट में करीब दस करोड़ से बना रिकॉर्ड रूम और 10 करोड़ से राजकीय संग्रहालय के नवीनीकरण का काम भी शामिल है। अब बस इंतजार है तो इनके शुभारंभ का।
अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से दिखाएगा स्पेस म्यूजियम
स्मार्ट सिटी के तहत 41 करोड़ से रानी लक्ष्मीबाई पार्क में स्पेस म्यूजियम बनकर तैयार है। ये बुंदेलखंड का पहला स्पेस म्यूजियम है। इसमें स्पेशल लाइट इफैक्ट के जरिए अंतरिक्ष की रहस्यमयी दुनिया को करीब से पर्यटक देख सकेंगे। आधुनिक डिजिटल तकनीक की मदद से अंदर थ्री डी क्षमता के दृश्य उत्पन्न होंगे। इसका शुभारंभ भी मार्च में होना है।
शहर में शुरू होगी पहली मल्टीलेवल कार पार्किंग
नगर निगम के पास ही मल्टीलेवल कार पार्किंग बन रही है। ये शहर की पहली बहुमंजिला कार पार्किंग है। इसके निर्माण में करीब 25 करोड़ रुपये खर्च आया है। ग्राउंड फ्लोर पर 25 दुकानें भी हैं। इनका टेंडर भी निकाला जा चुका है। ऊपर कार खड़ी करने की जगह है। इसका काम भी पूरा हो चुका है। जल्द इसका शुभारंभ हो जाएगा।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से मिलेगा खेल गतिविधियों को बढ़ावा
ग्वालियर रोड पर जीआईसी में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी लगभग बनकर तैयार हो चुका है। स्मार्ट सिटी के तहत कॉम्प्लैक्स बनाने में करीब 22 करोड़ रुपये खर्च आया है। यहां पर फुटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन, कबड्डी आदि खेल हो सकेंगे। एथलेटिक ट्रैक भी बना हुआ है। खेलों से जुड़ी सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
युवाओं के विचार को आकार देगा इंक्यूबेशन सेंटर
स्टार्ट अप और युवा उद्यम बढ़ावा देने के लिए नगर निगम के ठीक बगल में इंक्यूबेशन सेंटर भी बनकर तैयार हो गया है। इसके जरिए खोज और अनुसंधान को बाजार और आम जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। नए आविष्कार करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने में सेंटर द्वारा मदद की जाएगी। स्मार्ट सिटी के जरिए 20 करोड़ से सेंटर का निर्माण हुआ है।
पर्यटन का नया केंद्र बन सकती है बिजौली झील
नगर निगम द्वारा करीब दस करोड़ से बिजौली झील के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। झील के आसपास लैंड स्केपिंग के साथ ही बैठने की व्यवस्था की गई है। फसाड लाइटें भी लगवाई गई हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि ये झील पर्यटन का नया केंद्र बन सकती है। इसका भी मार्च में लोकार्पण होगा।
वर्जन..
नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के करीब 138 करोड़ के प्रोजेक्ट बनकर तैयार हैं। मार्च में इन प्रोजेक्ट का लोकार्पण हो जाएगा। - सत्य प्रकाश, नगर आयुक्त।