झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मैरी निवासी और चौहरे हत्याकांड सहित अपहरण, लूट, राहजनी, मारपीट जैसे दर्जनों गंभीर मामलों में जेल की सजा काट रहे हिस्ट्रीशीटर यशपाल मैरी ने पिछले साल बेटी की शादी का फर्जी कार्ड बनाकर कोर्ट से पैरोल ले ली थी। वहीं, चौहरे हत्याकांड में वादी की पैरवी कर रहे उसके पैरोकार ने पूरे मामले में अपनी हत्या की साजिश से इसे जोड़ते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। अब इस मामले में एसएसपी ने एसआईटी गठित की है।
मैरी गांव के चौहरे हत्याकांड में शामिल यशपाल यादव ने बीते साल दो मई को बेटी की शादी का फर्जी कार्ड बनाकर कोर्ट से आठ दिन की पैरोल ली थी। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब थाना नवाबाद के मैरी तिराहा निवासी विपिन यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह 2007 में ग्राम मैरी में हुए चौहरे हत्याकांड में मुकदमे के वादी राजेश यादव की और से पैरोकार है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पैरवी के चलते ही आरोपी उससे रंजिश रखते हैं। जेल से बाहर आने के बाद यशपाल यादव उसकी हत्या करने के उद्देश्य से मैरी तिगैला के पेट्रोल पंप पर रुका था। पूरे मामले की जांच में पेट्रोल पंप संचालक लाखन सिंह व उसके पुत्र को भी साजिश का आरोपी बनाया गया। जिसके बाद लाखन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, उसका पुत्र फरार है। पीड़ित ने एक बार फिर मामले में शिकायती पत्र मुख्यालय तक भेजे हैं। जिसके बाद पूरे मामले में अब एसआईटी गठित कर दी गई है। वहीं, लाखन सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी ने बबीना विधायक राजीव सिंह से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। इस मामले में विधायक ने शासन को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
चौहरे हत्याकांड में हमने क्राइम ब्रांच, महिला पुलिस अधिकारी, उप निरीक्षक सहित पांच सदस्यीय एसआईटी गठित की है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्यवाई की जाएगी।
राजेश एस, एसएसपी, झांसी