संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिला अस्पताल में संचालित हो रही ब्लड बैंक को हाईटेक बनाया जा रहा है। इसके लिए यहां 45 लाख रुपये कीमत की मल्टी टास्क मशीन लगाई गई है। इस मशीन द्वारा अब डोनर का ब्लड निकालने और उसकी जांच में मिनटों का समय लगेगा। साथ ही मशीन रक्त में से प्लाज्मा लेकर उसे डोनर के शरीर में ही दूसरे हाथ से वापस कर देगी।
जिला अस्पताल में स्थापित ब्लडबैंक से प्रतिदिन 7 से 10 यूनिट ब्लड की आवश्यकता की पूर्ति होती है। ऐसे में यहां रक्त की जांच और डोनर के शरीर से ब्लड निकालने की प्रक्रिया लंबी होने के साथ ही जटिल भी हो जाती है। ऐसे में मरीजों को कई घंटे का इंतजार करना पड़ता है। इसी समस्या को अब शासन से मिली मल्टी टास्क मशीन ने दूर कर दिया है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुमार कटियार ने बताया कि मशीन का इस्तेमाल यह है कि इससे सिंगल डोनर होने पर मात्र 40 मिनट में मरीज को रक्त की पूर्ति की जा सकती है। यदि किसी मरीज को प्लाज्मा की आवश्यकता है तो डोनर के एक हाथ से यह मशीन ब्लड में से प्लाज्मा निकाल लेगी और दूसरे हाथ से डोनर को लाल रक्त कोशिका युक्त ब्लड वापस कर देगी।