कॉलेज प्रशासन जल्द जारी करेगा विज्ञापन, संविदा पर होगी नियुक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में जल्द ही डॉक्टरों की कमी दूर हो जाएगी। कॉलेज प्रशासन की ओर से 21 विभागों में संविदा पर चिकित्सकों की तैनाती के लिए विज्ञापन निकाला जा रहा है। कॉलेज में 37 डॉक्टरों के पद खाली चल रहे हैं।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के 157 पद सृजित हैं। मौजूदा समय में 120 डॉक्टरों की तैनाती है। कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में बने छह विभाग नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी में भी डॉक्टरों के पद रिक्त हैं। इसके अलावा मेडिसिन, ईएनटी, गायनी, सर्जरी, एनेस्थीसिया समेत अन्य विभागों में भी डॉक्टरों के पद खाली हैं। पद रिक्त होने से डॉक्टरों पर ओपीडी से लेकर ओटी तक का अतिरिक्त बोझ पड़ता है। इन पदों को भरने के लिए कॉलेज प्रशासन विज्ञापन निकालने जा रहा है। डॉक्टरों की तैनाती होने के बाद मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य व्यवस्था और बेहतर हो जाएगीा।
वर्जन..
मेडिकल कॉलेज में लगातार डॉक्टरों की तैनाती हो रही है। सभी 21 विभागों में अलग-अलग पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए जल्द ही विज्ञापन जारी हो जाएगा। - डॉ. सुधीर कुमार, संयोजक, चयन समिति, मेडिकल कॉलेज।