झांसी। डीआईजी जोगेंद्र कुमार ने शुक्रवार को जोन के तीन जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। डीआईजी ने मतदान से पहले प्रत्येक दशा में अपराधी व्यक्तियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम, गैंगस्टर एवं एनएसए की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। कहा, चुनाव के दौरान लापरवाही मिलने पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। चुनाव को देखते हुए झांसी में 41, जालौन में 25 एवं ललितपुर में 29 स्थानों पर चेकिंग अभियान निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। डीआईजी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर अर्ध सैनिक बल समेत सभी मतदान केंद्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। सेक्टर पुलिस अधिकारियों को अपने सेक्टर में पड़ने वाले मतदान केंद्रों पर भ्रमण करने एवं अपराधिक तत्वों को चिन्हित करके कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। नोडल अधिकारियों को नियमित चुनाव कार्यालय में बैठक को कहा। उन्होंने चुनाव सेल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी शिवहरी मीना, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी समेत ललितपुर एवं जालौन के भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।