अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अब तक साढ़े सात हजार अभ्यर्थियों ने बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर दिया है। तीन दिन में इतने आवेदन आ चुके हैं। इसमें 1240 अभ्यर्थियों ने फीस भी जमा कर दी है।
बीयू ने 10 फरवरी से बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन खोले थे। पहले दिन करीब ढाई हजार फॉर्म भरे गए थे। दूसरे दिन आवेदनों की संख्या बढ़कर पांच हजार हो गई। तीसरे दिन तक करीब साढ़े सात हजार अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर जाकर आवेदन कर चुके हैं। छात्र-छात्राओं के पास 10 मार्च तक आवेदन करने का मौका है। वहीं, अभ्यर्थियों द्वारा सबसे ज्यादा जानकारी बीएड परीक्षा को लेकर मांगी जा रही है। फोन नंबर और ई-मेल के जरिए छात्र-छात्राएं पूछ रहे हैं कि बीएड की प्रवेश परीक्षा कब होगी। वहीं, फॉर्म भरने में दिक्कत होने पर भी कुछ लोगों द्वारा बीयू में संपर्क किया जा रहा है। कुलसचिव विनय कुमार सिंह का कहना है कि छात्रों की जो भी समस्या होती है, उसे तत्काल हल करा दिया जाता है। बीएड की प्रवेश परीक्षा 20 से 25 अप्रैल तक प्रस्तावित है। जल्द ही तिथि घोषित कर दी जाएगी।
चुनावी तिथियों को देख तय होगी परीक्षा तिथि
अप्रैल में लोकसभा चुनाव भी होने की संभावना है। इसी महीने परीक्षा भी प्रस्तावित है। ऐसे में चुनावी तिथियों के एलान के बाद ही बीयू प्रशासन द्वारा परीक्षा की तिथि घोषित करने की संभावना है।