झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 3 से 6 जून तक राज्यस्तरीय समन्वय अंडर-17 जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से इसका आयोजन किया जाएगा। इसमें जिला की अलग-अलग भार वर्ग का 31 मई को सुबह सात बजे से एवं मंडलस्तरीय खिलाड़ियों का 1 जून को सुबह सात बजे से चयन ट्रायल आयोजित होगा। ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ी जन्मतिथि प्रमाण पत्र, हाईस्कूल के अंकपत्र एवं आधार कार्ड के साथ स्टेडियम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उप क्रीड़ाधिकारी राजेश सोनकर ने बताया कि इस बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के 250 से अधिक खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इनमें अलीगढ़, आगरा, आजमगढ़, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर, चित्रकूट, झांसी, देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती, बरेली, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मेरठ, लखनऊ, वाराणसी, सहारनपुर मंडल के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। संवाद