एक माध्यमिक विद्यालय और छह बेसिक स्कूल चयनित किए गए
पहले चरण में चयनित किए गए थे 13 विद्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पीएमश्री विद्यालय योजना के दूसरे चरण में जिले के सात विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें एक माध्यमिक और दो प्राथमिक विद्यालय और चार समग्र स्कूल हैं। इस योजना के तहत पहले चरण में 13 विद्यालयों का चयन किया गया था, जिनमें 4 माध्यमिक और 9 बेसिक स्कूल थे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नीलम यादव ने बताया कि जिले के जिन विद्यालयों का पीएमश्री योजना के तहत चयन किया गया है उनमें राजकीय इंटर कॉलेज कटेरा, प्राथमिक विद्यालय रसोई, आदर्श प्राथमिक विद्यालय चिरगांव, समग्र स्कूल पड़ारी, समग्र स्कूल करगुआं खुर्द, समग्र स्कूल पहाड़ी बुजुर्ग, समग्र स्कूल बंका पहाड़ी शामिल हैं। इन विद्यालयों में नई तकनीकी से युक्त स्मार्ट क्लास, अत्याधुनिक प्रयोगशाला, कंप्यूटर प्रयोगशाला, कौशल प्रयोगशाला, नए क्लास रूम आवश्यकता के अनुसार, फर्नीचर, बाल वाटिका का विकास, खेल-खेल में सीखने की सामग्री, खेलकूद का मैदान आदि चीजें विकसित की जाएंगी। इन विद्यालयों में शिक्षक-छात्र अनुपात पर भी फोकस किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में 40 से 50 लाख का बजट खर्च किया जाएगा।