झांसी। पुलिस ने गरौठा के भाजपा विधायक जवाहर लाल राजपूत की सुरक्षा बढ़ा दी है। अब वे पुलिस के चार सशस्त्र जवानों के घेरे में रहेंगे। विधायक और उनके पुत्र की हत्या की साजिश रचने का पत्र मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है।
जवाहर लाल राजपूत को मिले एक पत्र में उन्हें आगाह किया गया था कि पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव द्वारा उनकी और उनके पुत्र राहुल की हत्या की साजिश रची जा रही है। इसके लिए हरियाणा के एक शूटर से पांच लाख रुपये में डील फाइनल भी हो गई है। शूटर को एक लाख रुपये एडवांस भी दे दिए गए हैं। इस मामले में प्रेमनगर थाना पुलिस ने शनिवार को दीपनारायण सिंह यादव व सपा नेता सज्जन सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद अब जवाहर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। अभी उनके पास दो गनर थे, जिनकी संख्या अब चार कर दी गई है। एसएसपी राजेश एस ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर विधायक की सुरक्षा बढ़ाई गई है।