अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार की दोपहर शहर के लोहा कारोबारियों के तीन ठिकानों पर रोजाना की तरह कारोबार संचालित हो रहा था। इसी बीच दोपहर में तकरीबन बारह बजे एक के बाद एक कारें आकर रुकीं और उनमें से उतरे लोग धड़धड़ाते हुए प्रतिष्ठानों में दाखिल हो गए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने सर्च वारंट दिखाए। इसके बाद वहां मौजूद सभी लोगों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए। स्थिति यह रही कि प्रतिष्ठानों में मौजूद ग्राहक भी घंटों बाद बाहर आ पाए।
आयकर विभाग और सीजीएसटी की अलग-अलग टीमें दोपहर 12 बजे आंतिया ताल स्थित फर्म अग्रवाल स्टील, शारदा हिल्स कॉलोनी स्थित जगदंबा स्टील और रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास स्थित मीनाक्षी रोलिंग मिल पहुंची। अंदर पहुंचते ही टीमों में शामिल अफसरों ने सर्च वारंट दिखाए और वहां मौजूद लोगों को एक जगह बैठने को कहा। इसके बाद उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद वहां रखे रखे रजिस्टर, बहीखाते, बिल आदि अपने कब्जे में ले लिए। इसके अलावा कंप्यूटर में जमा डाटा को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी, जो देर शाम तक जारी रही। किसी को भी प्रतिष्ठानों से बाहर नहीं आने दिया गया। स्थिति यह रही कि प्रतिष्ठानों में मौजूद ग्राहक भी तीन-चार घंटे बाद बाहर आ पाए। उनके मोबाइल की डिटेल जांचने और आधार कार्ड की कॉपी जमा करने के बाद उन्हें बाहर आने दिया गया। टीम की जांच देर रात तक जारी रही। पड़ताल के दरम्यान फर्म संचालकों व उनके यहां उपलब्ध स्टाफ से भी पूछताछ की गई। साथ ही हिदायत भी दी गई कि वह उनकी जांच में पूरा सहयोग करें।
0000000
धड़ाधड़ बंद हुईं लोहामंडी की दुकानें
टीमों के लोहा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचते ही अन्य लोहा कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया। स्थिति यह रही कि आंतिया ताल स्थित लोहामंडी की ज्यादातर दुकानों और गोदामों पर एक के बाद एक धड़ाधड़ ताले डल गए, जिससे लोहा मंडी का कारोबार दिन भर ठप बना रहा।
000000
अन्य कारोबारी भी आ सकते हैं जांच के दायरे में
बुधवार को शहर के तीन लोहा कारोबारियों के यहां जांच की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। लेकिन, जांच की जद में अन्य कारोबारी भी आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि जांच टीमें कड़ी से कड़ी मिलाते हुए जांच में जुटी हुईं हैं, जिससे कुछ स्थानीय कारोबारियों के साथ-साथ बाहरी जनपदों के लोहा व्यवसायियों तक जांच की सूई घूम सकती है।