संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। झांसी में बनने वाले चिड़ियाघर के लिए पूर्व में चिह्नित की गई जमीन बीडा में जाने से अब नए सिरे से जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। वन विभाग तेजी से इस काम में जुट गया है।
महानगर में चिड़ियाघर बनाने के लिए वन विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया था। इसके लिए गढ़मऊ झील के पास सिंचाई विभाग की 125 एकड़ जमीन चिह्नित की गई थी। लेकिन, जमीन चिड़ियाघर के अनुरूप नहीं होने के कारण प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया था। इसके बाद अगस्त माह में सीएम के दौरे के बाद शासन ने वन विभाग के अधिकारियों को नई जमीन तलाश करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में वन विभाग ने रक्सा के ग्राम पुनावली में 36 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की थी। लेकिन, यह प्रस्तावित जमीन बीडा में चली गई। अब एक बार फिर वन विभाग ने नए सिरे से जमीन की तलाश शुरू कर दी है। प्रभागीय वन अधिकारी एमपी गौतम ने बताया कि चिड़ियाघर के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जल्द यह काम पूरा कर लिया जाएगा।