बीएसए ने कक्षा नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को जारी किए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भीषण गर्मी के चलते जिले के स्कूलों का समय बदला गया है। अब कक्षा नर्सरी से कक्षा आठ तक की कक्षाएं सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक चलेंगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नीलम यादव ने जिले के सभी स्कूलों को आदेश जारी किए हैं। बीएसए ने बताया कि समय परिवर्तन का यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है। अब जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, मान्यता प्राप्त एवं अन्य समस्त विद्यालय निर्धारित समय के अनुंसार ही खुलेंगे। इसका पालन न करने वाले विद्यालय संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, शासन ने प्रदेशभर के सभी स्कूलों का समय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित कर दिया है।