सरकार के साथ एमओयू साइन किए गए, चिह्नित हुईं जमीनें
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी में 50 करोड़ रुपये की लागत से एक स्कूल का निर्माण किया जाएगा। जबकि, तीन होटलों का भी निर्माण होगा। इसके लिए सरकार के साथ एमओयू साइन कर लिए गए हैं। सभी परियोजनाओं के लिए जमीनें भी चिह्नित कर ली गईं हैं।
झांसी में निवेश के प्रस्ताव आने का क्रम लगातार बना हुआ है। इसी कड़ी में अब 50 करोड़ की लागत से एक स्कूल के निर्माण का प्रस्ताव आया है। यह विद्यालय ग्वालियर रोड पर बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। जबकि, तीन होटल खोले जाने के लिए भी एमओयू साइन हुए हैं। इनमें से एक होटल के निर्माण पर 10 करोड़ रुपये का निवेश होगा। यह झांसी-कानपुर हाईवे पर बनाया जाएगा। जबकि, पांच करोड़ रुपये की लागत से बरुआसागर रोड पर जराय के मठ के पास होटल का निर्माण होगा। इसके अलावा एक होटल गढ़मऊ झील के पास भी खोले जाने का प्रस्ताव आया है। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। उद्यमी मित्र दिनेश सिंह ने बताया कि इन सभी प्रोजेक्ट के लिए एमओयू साइन कर लिए गए हैं। इनकी स्थापना की कार्रवाई भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
000000
बीडा के लिए हुए 29 बैनामे
झांसी। शुक्रवार को बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के पक्ष में 29 बैनामे हुए। इनमें से 25 बैनामे ग्राम अंबावाय की जमीनों के हुए, जबकि चार बैनामे ग्राम सारमऊ की जमीनों के हुए। बैनामों की प्रक्रिया देर शाम तक पुरानी तहसील में स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में जारी रही। सब रजिस्ट्रार सुभाष चंद्र ने बताया कि बैनामों से 1.75 करोड़ की स्टांप ड्यूटी और 25 लाख रुपये का निबंधन शुल्क प्राप्त हुआ है। ब्यूरो