झांसी। मंगलवार को पुलिस ने थाना कोतवाली इलाके के चर्चित जमीन कारोबारी संजय वर्मा की एक अरब नौ करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली। गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन और मकान कुर्क किए गए।
शहर के डरू भौंडेला मुहल्ला निवासी संजय वर्मा के खिलाफ नवाबाद थाने में गिरोहबंद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। पहले डुगडुगी पिटवाकर लोगों को कुर्की की सूचना दी गई।
एसपी सिटी राधेश्याम राय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में संजय वर्मा का डरू भौंडेला मुहल्ले में स्थित 6,85,983 रुपये मूल्य का एक मकान व वासुदेव मुहल्ला स्थित 66,80,588 रुपये मूल्य का दूसरा मकान कुर्क किया गया। इसके अलावा थाना नवाबाद के मौजा पिछोर में स्थित एक अरब आठ करोड़ से ज्यादा मूल्य की 14.501 हेक्टेअर जमीन कुर्क की। पुलिस ने संजय वर्मा की कुल 1,09,43,24,571 रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की है।
कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अन्य कर्र्मचारियों समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। यह कार्रवाई लगभग तीन घंटे चली।