झांसी। भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर के रसोइया दीपक सिंह के आत्महत्या मामले में पुलिस उसकी हैंड राइटिंग के नमूने एकत्रित करने मेें जुटी है। इन नमूनों से दीपक के सुसाइड नोट का मिलान कराया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने प्रधानाचार्य समेत पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
भारद्वाज छात्रावास में मंगलवार देर रात कानपुर के घाटमपुर निवासी दीपक (36) ने रसोई घर में फांसी लगा ली थी। घटना स्थल से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया था। सुसाइड नोट में दीपक ने महेश, जमुना एवं सुमन पर खराब व्यवहार करने का आरोप लगाया। छात्रावास अधीक्षक रविंद्र कुमार एवं प्रधानाचार्य अवध किशोर गुप्ता पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पिता शिवराम की तहरीर पर पांचों के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर जेपी पाल के मुताबिक सुसाइड नोट की सत्यता जांचने को उसकी जांच कराई जा रही है। दीपक की हस्तलिपि से मिलान के लिए नमूने एकत्रित किए गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने पर आरोपियों की गिरफ्तारी कराई जाएगी।