झांसी। झांसी मंडल के बबीना-खजराहा स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार को दोपहर 12.07 बजे हजरत निजामुद्दीन से चलकर तिरुपति जा रही गाड़ी संख्या 12708 आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की कपलिंग टूट गई। इसके चलते ट्रेन दो भागों में बंट गई। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। कपलिंग निकलने पर इमरजेंसी ब्रेक लगने से ट्रेन रुक गई। गार्ड ने तत्काल झांसी कंट्रोल को सूचना दी। झांसी और बबीना से पहुंचे रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत के बाद ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान करीब एक घंटा 20 मिनट ट्रेन मौके पर खड़ी रही।
आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को सुबह करीब 11.39 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पहुंची। यहां से ट्रेन को 11.50 बजे बीना स्टेशन के लिए रवाना किया गया। ट्रेेन वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन से चलकर करीब 20 किमी दूर खजराहा-बबीना स्टेशन के बीच पहुंची तो अचानक कोच संख्या एस3 और एस4 के बीच की कपलिंग की नकल पिन निकल गई। इससे कपलिंग और वैक्यूम टूट गया। वैक्यूम निकलने और इमरजेंसी ब्रेक लगने से ट्रेन रुक गई। अचानक कोचों के रुक जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। दोनों कोच के बीच करीब 50 मीटर का गैप हो गया। उधर, गार्ड ने घटना की जानकारी झांसी कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद पीछे आ रहीं ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया। मामले की सूचना पर झांसी और बबीना से अधिकारियों की टीम पहुंची। मरम्मत के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इसके बाद यात्रियों को राहत मिली।
------------
तीसरी लाइन बनी मददगार
अप लाइन पर आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की कपलिंग टूटने के बाद पीछे आ रही पंजाब मेल, मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस, उद्योगकर्मी एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस को जहां-तहां रोक दिया गया। वहीं काफी देर बाद इन ट्रेनों को झांसी-बबीना के बीच डाली गई नई तीसरी लाइन से गुजारा गया। इससे यह ट्रेनें ज्यादा लेट नहीं हुईं। बता दें कि झांसी-बबीना के बीच तीसरी लाइन को कुछ महीने पहले की सीआरएस ने मंजूरी दी है।
बबीना-खजराहा के बीच आंध्र प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की नकल पिन टूट गई थी। तत्काल ट्रेन को गार्ड ने रुकवा लिया। झांसी-बबीना से पहुंचे रेलवे अफसरों ने इसे ठीक किया। पीछे आ रही ट्रेनों को तीसरी लाइन से गुजारा गया। इससे ट्रेनें लेट नहीं हुईं। वहीं घटना की जांच तिरुपति रेलवे करेगा। इस बारे में प्रयागराज मुख्यालय और तिरुपति रेलवे को सूचना दी गई है। - आशुतोष, डीआरएम