झांसी। मंगलवार को गल्लामंडी उपकेंद्र के अंतर्गत सैंयरगेट स्थित दो 250 केवीए के और एक 400 केवीए के ट्रांसफार्मरों पर मरम्मत का कार्य कराया गया। जिसके चलते तालपुरा, खुशीपुरा और गल्लामंडी के मुहल्लों में चार घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। इस दौरान बिजली और पानी के लिए इलाके में रहने वाली दस हजार की आबादी को परेशान होना पड़ा।
मंगलवार को अधीक्षण अभियंता सचेंद्र प्रसाद, अधिशासी अभियंता अनुभव कुमार, एसडीओ विकास सोनी और जेई रमेश चंद्र की मौजूदगी में गल्लामंडी उपकेंद्र से जुड़े सैंयरगेट पर स्थापित तीन ट्रांसफार्मरों में तेल बदलने, जर्जर तारों को हटाकर नई केबल डालने आदि मरम्मत का कार्य कराया गया। इस दौरान सैंयरगेट, मदकखाना, खुशीपुरा, तालपुरा और ओरछा गेट आदि इलाकों के 700 से 800 घरों की बिजली सप्लाई ठप रही। बिजली नहीं होने से इलाके की दस हजार से ज्यादा आबादी को बिजली और पानी के लिए परेशान होना पड़ा। एसडीओ विकास सोनी ने बताया कि सैंयरगेट स्थित ट्रांसफार्मरों का मरम्मत कार्य कराया गया। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों की सप्लाई ठप रही।
मुख्य अभियंता ने बिजली घर का किया निरीक्षण
झांसी। मंगलवार को मुख्य अभियंता पार्थिव कुमार ने महानगर स्थित रक्सा उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कस्बे में रखे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की केबल, राजापुर मार्ग स्थित राजकीय इंटर कालेज के सामने रखे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर के की जली केबल को बदलवाया। इस दौरान एसडीओ दिनेश कुमार मौर्य, जेई लक्ष्मी नारायण वर्मा आदि लोग मौजूद रहे। संवाद