- पुलिस ने आरोपी लड़की के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मऊरानीपुर थाना इलाके में बारहवीं कक्षा की एक छात्रा ने पानी की टंकी से कूदकर आत्महत्या कर ली। गांव की एक लड़की ने मृतका के घर से निकलते एक युवक का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया था, जिसके साथ लिख दिया था प्यार खुलेआम। बदनामी से दुखी होकर छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने आरोपी लड़की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
मऊरानीपुर थाना इलाके के एक गांव में रहने वाली 18 वर्ष की युवती ने हाल ही में कक्षा बारहवीं की परीक्षा दी थी। परीक्षा खत्म होने के बाद से वह घर पर ही रह रही थी। पिता ने बताया कि सोमवार को होली के दिन बेटी घर पर थी। गांव का एक युवक घर पर पानी पीने आया था। पानी पीने के बाद वह घर से बाहर निकला, पीछे से बेटी भी बाहर आ गई। इस दौरान सामने बैठी मोहल्ले की लड़कियों ने इसका वीडियो बना लिया। इसके बाद एक लड़की ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के साथ यह भी लिख दिया कि प्यार खुलेआम। वीडियो अपलोड होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह बदनामी बेटी सहन नहीं कर पाई और इससे अवसाद में चली गई। इसी बीच वह घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई। उसे पानी की टंकी पर चढ़ते हुए गांव के कुछ लोगों ने देखा और उसे रोका भी, लेकिन वह नहीं मानी। बेटी ने टंकी पर चढ़कर तकरीबन पचास फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मऊरानीपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि मृतका के चाचा की शिकायत पर गांव की एक लड़की के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
000000000
त्योहार हुआ बेरंग, घर में पसरा मातम
मृतका अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसका एक छोटा भाई है, जो पढ़ता है। जबकि, माता-पिता खेतीबाड़ी करते हैं। होली के त्योहार पर बेटी की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। बता दें कि छात्रा के पानी की टंकी से छलांग लगाने के बाद परिजन उसे आनन-फानन मेडिकल कॉलेज ले आए थे। यहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस मऊरानीपुर ले गए। मंगलवार की सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव का मऊरानीपुर में पोस्टमार्टम करवाया गया है।