झांसी। तहसील की तर्ज पर अब आरटीओ कार्यालय के बाबू वाहनों के बकाया टैक्स की वसूली वाहन स्वामियों से करेंगे। घर-घर जाकर वाहनों का बकाया टैक्स वसूलकर लाने का काम करेंगे। इसके लिए आरटीओ प्रशासन ने सभी बाबुओं को यह टास्क दिया है। इसमें 700 वाहन स्वामियों पर तकरीबन आठ करोड़ रुपये बकाया टैक्स होने पर नोटिस भी जारी की गई है।
परिवहन विभाग ने वसूली के लिए पहली बार एकमुश्त समाधान योजना चलाई, लेकिन जिस उम्मीद के साथ यह ओटीएस योजना लाई गई थी, वह उम्मीद पूरी नहीं हुई। टैक्स के बकाएदारों से वसूली के लिए कई बार प्रयास किए, उनके घर पर नोटिस भी भेजा, जिला प्रशासन की मदद भी ली, लेकिन नतीजा जस का तस ही रहा। अभी भी तकरीबन सात सौ वाहन स्वामियों से आठ करोड़ से ज्यादा टैक्स वसूल करना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। एआरटीओ सुरेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि सात सौ वाहनों पर तकरीबन आठ करोड़ रुपये टैक्स बकाया है। टैक्स वसूलने की जिम्मेदारी तहसील प्रशासन के साथ आरटीओ के बाबुओं को दी गई है, जिससे राजस्व वसूली में तेजी लाई जा सके।