झांसी। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ झांसी की एक बैठक हंसारी स्थित डिपो में आयोजित की गई। जिसमें ग्रामीण अंचलों में बसों को चलाने के लिए परिवहन अधिकारियों से मांग की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए के.के गेड़ा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में रहने वाली जनता परिवहन सुविधाओं से वंचित है। आज भी डग्गामार वाहनों से सफर कर रही है। वहीं, प्राइवेट बस ऑपरेटर केवल लाभ वाले मार्ग पर बसों को संचालित करते हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग को ग्रामीण अंचलों के सभी मार्गों पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वहीं, संविदा पर चालक एवं परिचालकों के भुगतान में बढ़ोतरी के लिए प्रबंधन को धन्यवाद दिया गया। साथ ही तकनीकी एवं अन्य पदों पर कार्य कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों तथा फिक्स वेतन पर कार्य कर रहे संविदा चालकों एवं परिचालकों के महंगाई के दृष्टिगत भुगतान में बढ़ोतरी की मांग की।
इस मौके पर क्षेत्रीय मंत्री विजय नारायण शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष परिवहन मजदूर महासंघ रमाकांत सचान, क्षेत्रीय संरक्षक दुर्गा प्रसाद स्वर्णकार, बृजकिशोर, जितेंद्र कुमार, रेखा वर्मा, प्रिया शर्मा, वृंदावन शिवहरे, संजय कुमार सिंह, भरत वर्मा, लखनलाल, राहुल शर्मा, अभिषेक कुमार मिश्रा, सुधीर कुमार, अरविंद गुप्ता, लक्ष्मीधर दीक्षित, राजेंद्र कुमार, विष्णु प्रकाश श्रीवास्तव, जितेंद्र साहू उपस्थित रहे।