झांसी। पीईटी की परीक्षा रोडवेज के लिए काफी लाभदायक साबित हुई है। अभ्यर्थियों की भीड़ की वजह से रोडवेज ने महज दो दिन में 70 लाख रुपये कमाए हैं। इसके साथ ही झांसी, ललितपुर और जालौन से 40 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचाया है।
परीक्षा 15 व 16 अक्तूबर को आयोजित की गई। जिसमें झांसी में 54 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही झांसी से भी हजारों की संख्या में बच्चे जनपद से इतर परीक्षा देने गए थे। ऐसे में परीक्षार्थियों राहत देने के लिए रोडवेज ने मंडल की 231 बसों से परीक्षार्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लगाया था। महज दो दिन में ही रोडवेज को राजस्व में भी काफी लाभ हुआ है। जहां सामान्य प्रतिदिन की औसत 25 से 26 लाख होती थी। लेकिन परीक्षार्थियों की वजह से विभाग की दो दिन में ही लगभग 70 लाख से ज्यादा की कमाई की है।
शासन के निर्देश पर स्पेशल बसों के साथ ही सभी बसों से अभ्यर्थियों व यात्रियों को अपने गंतव्य पर पहुंचाया गया है। इससे रोडवेज को भी सामान्य दिनों से ज्यादा लाभ हुआ है। - लोकेश राजपूत, क्षेत्रीय सेवा प्रबंधक परिवहन निगम