झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा पंद्रह नए मार्गों पर 34 अनुबंधित बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों को अनुबंधित करने के लिए निविदा निकाली है। ये बसें साधारण, एसी और स्लीपर होंगी। इससे लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
परिवहन निगम के अधिकारियों के मुताबिक अभी वर्तमान में रोडवेज के पास आठ ही जनरथ बसें हैं, ऐसे में लंबी दूरी का सफर करने में यात्री परेशान होते हैं। नए साल से रोडवेज में अनुबंधित एसी और स्लीपर बसों से सफर आसान हो जाएगा। विभाग द्वारा रूट तय कर लिए गए हैं, जिनमें झांसी से कोटा, दिल्ली, बालाजी, कैलादेवी, जयपुर, पुष्कर, छतरपुर, शिवपुरी, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा आदि मुख्य मार्ग चिंह्ति किए गए हैं। क्षेत्रीय सेवा प्रबंधक लोकेश राजपूत के मुताबिक नए मार्गों पर बसें चलने से यात्रियों को सुविधा के साथ ही रोडवेज की आय बढ़ेगी।