झांसी। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत के लिए वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुक्रवार से शुरू हो गया है। अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार सिंह के अनुसार गुरसराय के ग्राम किशोरपुरा से अभियान की शुरुआत की गई। अब शेष बची सड़कों को चिह्नित कर समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराया जाएगा। जल जीवन मिशन के तहत जिले में 5890 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके लिए 1656 किलोमीटर सड़क खोदने की जरूरत पड़ी। विभागीय दावे के अनुसार इनमें 1579 किलोमीटरसड़क का पुनर्स्थापना कार्य पूरा कराया जा चुका है। शेष 74 किलोमीटर सड़क की मरम्मत के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जल जीवन मिशन के आधिकारिक शिकायत पोर्टल पर अलग-अलग गांवों से पाइपलाइन के बाद सड़क की मरम्मत न होने की शिकायत दर्ज हैं। इनमें सड़क टूटने, गड्ढे होने और आवागमन प्रभावित होने
जैसी शिकायतें शामिल हैं। अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह सभी कार्य अगले चालीस दिन में पूरे कराए जाएंगे।