झांसी। नई ऑटो की किस्त जमा कर लौट रहे चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
चिरगांव थाना इलाके के ग्राम मुढ़ई निवासी बानसिंह कुशवाहा का पुत्र रजनेश (31) खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का जीवन यापन करता था। वह डेढ़ बीघा जमीन का काश्तकार था। खेती के जरिये परिवार का भरण पोषण करने में उसे दिक्कत आ रही थी, जिससे उसने आमदनी बढ़ाने के लिए हाल ही में 15 दिन पहले एक ऑटो खरीदा था। शुक्रवार को वह ऑटो की किस्त जमा करने के लिए चिरगांव गया हुआ था। रात तकरीबन नौ बजे वह वहां से बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहा था। इसी दरम्यान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के दो बच्चे बेटा सत्यम (5) व बेटी जानवी (3) है। ब्यूरो