कोरोना वायरस के चलते नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज को अस्थाई जेल में तब्दील किया गया है। स्कूल में बनाई गई अस्थाई जेल के अंदर चार बैरकेें बनाई गई हैं। इन बैरकों में बंदियों को रखा जाना शुरू कर दिया गया है। कोरोना जांच रिपोर्ट आने तक बंदियों को इस अस्थाई जेल में रखा जाएगा। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही जिला कारागार भेजा जाएगा। तीन दिन के भीतर यहां २२ बंदी पहुंचे थे। कोरोना जांच के लिए सभी का सैंपल लिया गया था। रविवार को १३ बंदियों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को जिला कारागार भेज दिया गया है। रविवार को भी सिटी मजिस्ट्रेट सलिल कुमार ने अस्थायी जेल का निरीक्षण कर जायजा लिया। अस्थाई जेल में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। यहां सिविल पुलिस के साथ जेल पुलिस व होमगार्ड की भी ड्यूटी लगाई गई है। बताया गया है कि बंदियोंं पर नजर रखने के लिए बैरक के बाहर, मैदान में तथा मुख्य गेट पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सैनिटाइजर से लेकर हर व्यवस्था यहां मुहैया कराई गई है।