अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। केंद्र सरकार ने अंतरिम बजट में झांसी के सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाने को भी बजट मिला है। यहां एलएचबी कोचों की मरम्मत का काम रफ्तार पकड़ेगा। इसके साथ ही कैंपिंग और निरीक्षण यान का काम भी होगा। अंतरिम बजट में कारखाने को 13 करोड़ रुपये मिले हैं। अफसरों का कहना कि पूर्ण बजट में कारखाने को अच्छा धन मिलने की उम्मीद है।
झांसी में 2014 में बने सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाने में आईसीएफ कोचों की मरम्मत का किया जाता था। अब रेलवे ने ट्रेनों में एलएचबी (लिंक हाफमैन बुश) कोच लगाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में इन कोचों की मरम्मत भी सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाने भी होने लगी। अब तक यहां हर महीने छह एसी और छह नॉन एसी कोच की मरम्मत हो रही है। झांसी, आगरा और प्रयागराज से यहां कोच आते हैं। कारखाने में काम को रफ्तार देने के लिए अंतरिम बजट में 13 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे यहां शेड बनाने का काम पूरा होगा। कारखाना अफसरों को जुलाई में आने वाले बजट से अच्छा बजट मिलने की उम्मीद है। कारखाना प्रबंधक बृजेश पाठक ने बताया कि कारखाने में एलएचबी और आईसीएफ कोचों की मरम्मत का काम चल रहा है। अंतरिम बजट में 13 करोड़ रुपये मिले हैं।