अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड के किसानों के लिए खास तौर से सरकार ने रबी सीजन में सिंचाई की खातिर सीजनल टैरिफ समेत विद्युत संयोजन में छूट की व्यवस्था की है। इससे फसल उत्पादन की लागत कम होने में मदद मिलेगी। झांसी में रबी सीजन में करीब 1.54 लाख हेक्टेयर में बुवाई होती है।
बुंदेलखंड में भूमिगत पानी की कमी से पूरी खेती तकरीबन नहरों पर आधारित है। रबी सीजन की फसल तो पूरी तरह नहरों से होती है। भौगोलिक वजहों से कई जगह नहरों से पानी खेत तक पहुंचाने के लिए किसानों को पंप का सहारा लेना पड़ता है लेकिन, बिजली कनेक्शन न होने से उनको डीजल के सहारे यह चलाना पड़ता है। इससे फसल की लागत करीब 5 हजार रुपये प्रति एकड़ तक बढ़ जाती है। इसी वजह से किसानों को रबी सीजन में बहुत अधिक फायदा नहीं होता। बुंदेलखंड में किसानों की इस परेशानी को देखते हुए सरकार सीजनल टैरिफ समेत विद्युत संयोजन में छूट देगी। इसके जरिए किसानों को नलकूपों के लिए आसानी से विद्युत कनेक्शन समेत रबी सीजन के दौरान विद्युत दरों में छूट मिलेगी। सरकार ने डार्क जोन में नए निजी नलकूप कनेक्शन दिए जाने पर लगे प्रतिबंध को भी खत्म कर दिया। इससे गरौठा, गुरसराय, बामौर, बबीना समेत अन्य ब्लाॅक में निजी नलकूप लगाए जा सकेंगे हालांकि इसके बुंदेलखंड में लागू होने को लेकर संशय जताया जा रहा है।
इनसेट
इनका भी किसानों को मिलेगा फायदा
- निजी नलकूपों को रियायती दरों पर दी जाएगी बिजली
- ग्राम पंचायत स्तर पर ऑटोमेटिक वेदन स्टेशन एवं ऑटोमेटिक रेन गेज की स्थापना
- मुख्यमंत्री खेत सुरक्षा योजना के जरिए मिलेगा लाभ
- राज्य कृषि विकास योजना के जरिए फसलों का रकबा बढ़ाने में मिलेगी मदद
- नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना को बढ़ाया जाएगा
- प्रारंभिक सरकारी ऋण समितियों के माध्यम से किसानों को कम ब्याज पर मिलेगा फसली ऋण
- पैक्स के जरिए किसानों के लिए बनवाए जाएंगे भंडारण गृह
000
गो-आश्रय स्थलों की ओर सरकार को अधिक ध्यान देना चाहिए। बजट में पर्याप्त पैसे का इंतजाम होना चाहिए, जिससे अन्ना जानवरों की परेशानी खत्म हो। बिजली बिल में भी छूट दी जानी चाहिए। रामजी राज
सिंचाई की सुविधा बढ़ने से किसानों को लाभ होगा। रबी सीजन में सिंचाई में काफी पैसा लग जाता है। अब लागत कम होने से किसानों को फायदा मिलेगा।
मनोज समाधिया, खडौवा
सिंचाई सुविधा बढ़ने से बुंदेलखंड में किसानों को फायदा मिलेगा। रबी सीजन में सिंचाई पर काफी पैसा खर्च होता है। बिजली कनेक्शन मिलने से सिंचाई में आसानी होगी।
नरेंद्र सिंह बुंदेला, वकुंवा
किसान सम्मान निधि बढ़ाने के लिए सरकार को प्रावधान करना चाहिए। महंगाई देखते हुए सम्मान निधि कम है। बीज एवं खाद में भी छूट दी जाए।
उमाशंकर राजपूत
निजी नलकूप में छूट देने के फैसले से किसानों को फायदा होगा। कई जगह नलकूप बनाने की इजाजत नहीं दी जाती। सरकार के फैसले से किसानों को सिंचाई में आसानी होगी।
मुन्नालाल अहिरवार सेसा
सिंचाई सुविधा बढ़ने से लागत कम होगी। इससे किसानों को फायदा मिलेगा।
- प्रमोद कुमार दुबे
सम्मान निधि बढ़ाने का इंतजार किए जा रहा था। सरकार को इसे बढ़ाना चाहिए था।
जयप्रकाश वर्मा सेसा
मानधन योजना में साठ साल से कम के किसानों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए। पचास साल के किसानों को भी इस योजना का फायदा दिया जाना चाहिए।
सोनू व्यास समथर
केसीसी कार्ड का लक्ष्य बढ़ने से किसानों को फायदा होगा। इससे किसानों को बाजार से कर्ज नहीं लेना पड़ेगा।
मुकेश बादल समथर
इनसेट
भौरट बांध परियोजना को मिले 300 करोड़
सरकार ने सिंचाई विभाग को झोली खोलकर पैसा दिया। बजट के जरिए एरच बांध परियोजना को इस साल से आरंभ होने की उम्मीद जताई जा रही। वहीं, ललितपुर स्थित भौरट बांध परियोजना के लिए सरकार ने 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह बांध परियोजना इस वर्ष दिसंबर माह तक पूरी होनी है। इस परियोजना के जरिए करीब 16 हजार हेक्टेयर जमीन की सिंचाई होगी। इनमें 7 हजार हेक्टेयर रबी एवं 9 हजार हेक्टेयर खरीफ सीजन में सिंचाई होगी। एक एमसीएम पीने का पानी भी दिया जाएगा। इससे 20 हजार घरों में पानी मिलेगा। अधीक्षण अभियंता शीलचंद्र उपाध्याय के मुताबिक बांध का काम जल्द पूरा कराया जाएगा।