झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण सभागार में शुक्रवार को हुई बैठक में महानगर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने और अनाधिकृत मार्ग परिवर्तनों को रोकने के लिए न्यू जर्सी बैरियर (आरसीसी बैरियर) लगाने पर मंथन हुआ। इससे यू-टर्न और गलत दिशा में वाहन चलाने की घटनाओं पर रोक लग सकेगी। बैठक में जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव और नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों पर लगे विद्युत खंभों को स्थानांतरित किया जाए। यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सड़कों पर थर्मोप्लास्टिक पेंट से यातायात संकेत चिह्नों का अंकन करने के निर्देश दिए। जेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन, यू-टर्न, लेन मार्किंग समेत अहम संकेत चिह्नों का अंकन किया जाए। इससे यातायात नियंत्रण प्रभावी होने के साथ रात और प्रतिकूल मौसम में भी वाहन चालकों को स्पष्ट दृश्यता मिल सकेगी। अपर नगर आयुक्त मो. कमर, जेडीए सचिव उपमा पांडेय, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, अपर नगर मजिस्ट्रेट गोपेश तिवारी, सीओ सिटी रामवीर सिंह, यातायात निरीक्षक उमाशंकर ओझा मौजूद रहे। ब्यूरो,