जिले में शुक्रवार से सरकारी राशन का वितरण शुरू होने जा रहा है। हॉटस्पॉट और कंटेनमेंट जोन में राशन की डोर स्टेप डिलीवरी की जाएगी। इसे लेकर राशन डीलरों को निर्देश दिए गए हैं। जिले की 794 राशन दुकानों पर एक मई से राशन का वितरण होगा। इस दौरान दुकानों पर अंत्योदय कार्डधारक, मनरेगा मजदूर, दिहाड़ी मजदूर, निर्माण श्रमिकों को मुफ्त और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को तय दरों पर राशन दिया जाएगा। जिले में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हॉटस्पॉट क्षेत्र में घर पर राशन का वितरण होगा। बताया जाता है कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में एक ही राशन दुकान है, लेकिन सबसे ज्यादा सरकारी राशन पर आश्रित लोग इस क्षेत्र में हैं। इसके लिए हालांकि प्रशासन ने क्षेत्र में डोर स्टेप डिलीवरी की तैयारी की है। कोटेदार को घर पर राशन पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि राशन का वितरण 12 मई तक होना है। ऐसे में प्रशासन लोगों को राशन के लिए परेशान न होने की सलाह दे रहा है। डीएसओ तीर्थराज यादव ने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में डोर स्टेप डिलीवरी होगी। इसे लेकर निर्देश दे दिए गए हैं।