जिले की 794 राशन दुकानों पर आज प्रॉक्सी के जरिये राशन का वितरण किया जाएगा। इस दौरान प्रॉक्सी से राशन पाने वालों के मोबाइल नंबर फीड किए जाएंगे। इसके बाद अगले माह से ओटीपी दिखाने के बाद राशन मिलेगा। सरकार ने राशन दुकानों पर आधार लिंक ई-पॉस मशीन से राशन वितरण की व्यवस्था लागू की हुई है। लेकिन कई कार्डधारकों का अंगूठा मशीन में मैच नहीं करता। इन कार्डधारकों को किसी पहचान पत्र के जरिये राशन देने की व्यवस्था चल रही है। अब इनके मोबाइल नंबर मशीन से लिंक किए जाएंगे। सोमवार को राशन दुकानों पर प्रॉक्सी के जरिये राशन बांटा जाएगा। इस दौरान कार्डधारकों को अपना मोबाइल लेकर दुकान पर जाना होगा। जहां पहचान पत्र दिखाकर राशन मिलेगा। साथ ही मोबाइल नंबर को मशीन में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद अगले महीने प्रॉक्सी वितरण के दौरान मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगा। जिसे बताने के बाद दुकानदार राशन देगा। व्यवस्था में बदलाव यह भी किया गया है कि अगर किसी कार्डधारक पर मोबाइल नंबर नहीं है, तो वितरक या नोडल अधिकारी अपना मोबाइल नंबर दर्ज करेगा। जिसके बाद राशन दिया जाएगा। साथ ही वितरक को जांच के दौरान प्रॉक्सी से राशन पाने वाले व्यक्ति की पात्रता की जांच करानी होगी। डीएसओ तीर्थराज यादव ने बताया कि प्रॉक्सी से राशन वितरण व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। अगले महीने से ओटीपी बताकर राशन मिलेगा। प्रॉक्सी से राशन पाने वाले मोबाइल लेकर राशन लेने जाएं।