झांसी। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी की गिरफ्तारी में दिलचस्पी न लेने के आरोप में एसएसपी शिवहरि मीना ने बुधवार को रानीपुर चौकी प्रभारी अजीत सिंह समेत वहां तैनात सभी छह सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। बताया जा रहा कि पिछले हफ्ते महोबा में एक युवती ने आत्महत्या कर ली थी। उसने अपने सुसाइट नोट में एक आरोपी का जिक्र किया था। यह आरोपी रानीपुर का रहने वाला है। महोबा में मुकदमा दर्ज होने के बाद महोबा पुलिस ने कई बार यहां दबिश देने की कोशिश की लेकिन, चौकी प्रभारी समेत सभी सिपाही मौके से नदारद मिले। यह शिकायत एसएसपी तक पहुंची। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी अजीत सिंह समेत पूरी पुलिस चौकी को ही लाइन हाजिर कर दिया। इसी मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में इंस्पेक्टर रामराजा प्रजापति कुछ दिन पहले निलंबित किए जा चुके। बता दें, रानीपुर पुलिस चौकी पहले भी विवादों में रह चुकी है। पिछले माह जमीनी विवाद में पुलिस उत्पीड़न से तंग आकर रानीपुर पुलिस चौकी के पास एक बुजुर्ग ने आग लगा ली थी। बुजुर्ग की दूसरे दिन मौत हो गई थी। इस मामले में भी रानीपुर पुलिस चौकी की काफी किरकिरी हुई थी। एसएसपी के मुताबिक रानीपुर पुलिस चौकी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने का आदेश दिया गया है।