झांसी। शनिवार को अमर उजाला की ओर से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर महानगर में भव्य ‘शौर्य यात्रा’ निकाली गई, जिसका लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद रानी को समर्पित दीपांजलि हुई।
यात्रा की शुरुआत रानी महल से हुई, जिसमें बग्घी और घोड़ों पर सवार होकर रानी लक्ष्मीबाई और उनकी नारी सेना, भारत माता व अन्य महापुरुषों के स्वरूप चल रहे थे। डीजे बैंड से जहां देशभक्ति के तराने गूंज रहे थे तो विद्यालय के बच्चे कदमताल करते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा में चल रहा तीन सौ फुट का तिरंगा सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई।
सिंधी तिराहा, कोतवाली, पंचकुइयां, खंडेराव गेट होती हुई यात्रा राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त पार्क में पहुंचकर समाप्त हुई। यहां रानी के चित्र के समक्ष लोगों ने रानी के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट करते हुए दीपक और मोमबत्तियां जलाईं।