- नंदनपुरा सब स्टेशन में दो बार ट्रिप होने से 50 हजार की आबादी देर रात तक रही अंधेरे में
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार शाम हल्की बारिश से ही नंदनपुरा सब स्टेशन दो बार ट्रिप होने से बिजली ठप हो गई। कर्मियों ने शटडाउन लेकर पेट्रोलिंग की, मगर पांच घंटे बाद भी फाल्ट नहीं मिला। करीब 50 हजार की आबादी रात 12 बजे तक अंधेरे में रही। एमईएस बबीना-दो व बीएचईएल-टू सब स्टेशन में भी ब्रेक डाउन होने से करीब तीन घंटे बिजली बंद रही।
शाम करीब छह बजे बारिश हुई, जो करीब 30 मिनट तक हुई। इससे नंदनपुरा सब स्टेशन पर लाइन ट्रिप हो गई। करीब दस मिनट के बाद जैसे ही आपूर्ति शुरू हुई, वैसे ही फिर से ट्रिपिंग हो गई। बारिश थमने के बाद बिजली विभाग की टीम ने फाल्ट तलाशने के लिए पेट्रोलिंग की, मगर देर रात तक फाल्ट नहीं मिलने से आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे खाती बाबा, नंदनपुरा, ताज कंपाउंड, दीनदयाल नगर, ईसाई टोला आदि की करीब 50 हजार आबादी अंधेरे में रही।
11केवी मिशन कंपाउंड में हुआ फाल्ट :
बारिश के दौरान 11केवी मिशन कंपाउंड में फाल्ट हो गया। बारिश थमने के बाद शटडाउन लेकर टीम ने फाल्ट दुरुस्त किया। इससे मिशन कंपाउंड की करीब ढाई घंटे बिजली बाधित रही।
बारिश में ट्रिपिंग :
बारिश के दौरान ट्रिपिंग होने से बालाजी नगर, खंडेरावगेट, दतिया गेट, खुशीपुरा, तालपुरा आदि एरिया में 35 से 40 मिनट तक आपूर्ति बाधित रही।
0-वर्जन
बुधवार को नंदनपुरा सब स्टेशन की लाइन में फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित रही, जिसे सही करने के लिए टीमों ने पेट्रोलिंग की। कुछ इलाकों में लोकल फाल्ट हुए, जिन्हें दुरुस्त कर दिया गया।
चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता (शहर) बिजली विभाग