कोरोना महामारी के घाटे को कम करने के लिए रेलवे अपने कर्मचारियों के भत्तों पर तलवार चलाएगा। उत्तर मध्य रेल प्रशासन ने इन खर्चों को कम करने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। भत्तों की समीक्षा की जा रही है। कोरोना वायरस के कारण हो रहे घाटे की भरपाई के लिए रेलवे ने माथापच्ची शुरू कर दी है। डेढ़ साल तक के लिए महंगाई भत्ता बंद करने के बाद अब कर्मचारियों के अन्य एलाउंस की समीक्षा शुरू कर दी गई है। इसमें रनिंग कर्मचारियों को दिए जाने वाले भत्तों (किलोमीटर माइलेज, ओवर टाइम, एएमए, एडीएल, नाइट ड्यूटी एलाउंस) को नियंत्रित करने के लिए समीक्षा की जा रही है। ट्रैवलिंग एलाउंस (टीए) कम करने के लिए 100 मामले लेकर उनका विश्लेषण करने के लिए कहा गया है। टीए को न्यूनतम करने के लिए सुझाव मांगे गए हैं। यदि किसी कार्यालय में उपस्थिति पी एवं ए सिस्टम में हो रही है तो उसकी बजाय शत प्रतिशत हस्ताक्षर की व्यवस्था लागू करने के लिए कहा गया है। इस संबंध में सभी कार्मिक अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नहीं हटेंगे सेवानिवृत्त कर्मचारी उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए झांसी, आगरा, प्रयागराज और कारखानों में अपने 919 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा नौकरी दे रखी है। इसमें झांसी मंडल में 54, आगरा में 187, प्रयागराज में 613, कारखाने में 28, मुख्यालय में तीन व अन्य जगह 34 सेवानिवृत्त कर्मी काम कर रहे हैं। कोरोना वायरस के कारण हो रहे घाटे की भरपाई के लिए कई दूसरे जोन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को हटा दिया है, लेकिन उत्तर मध्य रेल प्रशासन से ऐसा करने से मना कर दिया है।